Chhapra Seat Result: छपरा में फेल हुआ खेसारी का ‘स्टारडम’, BJP की छोटी कुमारी ने सिखाया सियासत का ककहरा

Published on: 14-11-2025
Bihar Election Results

पटना/छपरा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों ने कई चौंकाने वाले समीकरण पेश किए हैं, लेकिन सबसे बड़ी खबर सारण के छपरा सीट से आई है। इस ‘हॉट सीट’ पर हुए रोमांचक मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रत्याशी छोटी कुमारी ने भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और राजद (RJD) उम्मीदवार खेसारी लाल यादव को पटखनी दे दी है। रुपहले पर्दे की चमक-दमक और भारी भीड़ के बावजूद खेसारी लाल यादव को राजनीति की पिच पर हार का सामना करना पड़ा।

भीड़ वोट में नहीं हो सकी तब्दील

छपरा सीट पर पूरे बिहार की नजरें टिकी थीं। एक तरफ राजद ने भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को मैदान में उतारकर सेलिब्रिटी कार्ड खेला था, तो दूसरी तरफ भाजपा ने अपने संगठन की मजबूत सिपाही छोटी कुमारी पर दांव लगाया था। चुनाव प्रचार के दौरान खेसारी के रोड शो में उमड़ रही भीड़ को देखकर राजनीतिक पंडित कयास लगा रहे थे कि स्टार पावर के आगे भाजपा कमजोर पड़ सकती है। टीवी डिबेट्स और सोशल मीडिया पर भी खेसारी की जीत लगभग तय मानी जा रही थी, लेकिन नतीजों ने साबित कर दिया कि भीड़ हमेशा वोट में तब्दील नहीं होती।

7 से 8 हजार वोटों से दी शिकस्त

मतगणना के अंतिम आंकड़ों के मुताबिक, छोटी कुमारी ने खेसारी लाल यादव को करीब 7 से 8 हजार मतों के अंतर से हराया है। अपनी जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए छोटी कुमारी ने इसे ‘लोकतंत्र और जनता के विश्वास’ की जीत बताया। उन्होंने कहा, “यह जीत मेरी नहीं, बल्कि छपरा के उन मतदाताओं की है जिन्होंने एक सेलिब्रिटी के बजाय अपने बीच रहने वाले सेवक को चुना।”

गौरतलब है कि छोटी कुमारी इससे पहले जिला परिषद अध्यक्ष और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता जैसी जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कल्याणकारी योजनाओं को दिया।

लुभावने वादों को जनता ने नकारा

जीत के बाद छोटी कुमारी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजद ने ‘हर घर नौकरी’ और ‘जीविका दीदियों को 30 हजार रुपये’ देने जैसे लुभावने वादे किए थे, लेकिन जनता ने इसे सिर्फ चुनावी प्रलोभन माना। उन्होंने कहा, “विपक्ष ने मुझे बाहरी बताकर भ्रम फैलाने की कोशिश की, लेकिन जनता जानती है कि दुख-सुख में उनके साथ कौन खड़ा रहता है। जनता ने काम पर मुहर लगाई है, नाम पर नहीं।”

खेसारी लाल यादव जैसे बड़े चेहरे को हराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें कभी भी डर या संशय नहीं था, क्योंकि उन्हें अपने काम और शीर्ष नेतृत्व की नीतियों पर पूरा भरोसा था।

अब विकास कार्यों पर रहेगा फोकस

विधायक निर्वाचित होने के बाद छोटी कुमारी ने अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि छपरा शहर में जलजमाव (Waterlogging) एक गंभीर समस्या है, जिसके समाधान के लिए वह तत्काल प्रभाव से काम शुरू करेंगी। इसके अलावा, अधूरी पड़ी सड़क परियोजनाओं, नालियों के निर्माण और पेयजल योजनाओं को धरातल पर उतारना उनका मुख्य लक्ष्य होगा। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना गया है, वह उस पर पूरी तरह खरी उतरेंगी।

यह भी पढ़ें-

Bihar Election Result: मोकामा में जेल से जीते अनंत सिंह, अलीनगर में मैथिली ठाकुर का जादू चला; तेज प्रताप और खेसारी लाल पिछड़े

Review: In ‘Delhi Crime’ Season 3, Shefali Shah Leads a Harrowing Fight Against Human Trafficking

Aawaaz Uthao: We are committed to exposing grievances against state and central governments, autonomous bodies, and private entities alike. We share stories of injustice, highlight whistleblower accounts, and provide vital insights through Right to Information (RTI) discoveries. We also strive to connect citizens with legal resources and support, making sure no voice goes unheard.

Follow Us On Social Media

Get Latest Update On Social Media